प्राचार्य पदस्थापना : शिक्षा मंत्री ने 21 से 24 नवंबर तक निरंतर काउंसिलिंग कर पदस्थापना आदेश जारी करने का निर्देश दिया…,54 पदोन्नत प्राचार्य पदभार ग्रहण किए बिना नवम्बर में रिटायर हो रहे थे…,प्राचार्य पदोन्नति फोरम की स्कूल शिक्षा मंत्री से सार्थक चर्चा…

प्राचार्य पदस्थापना : शिक्षा मंत्री ने 21 से 24 नवंबर तक निरंतर काउंसिलिंग कर पदस्थापना आदेश जारी करने का निर्देश दिया…,54 पदोन्नत प्राचार्य पदभार ग्रहण किए बिना नवम्बर में रिटायर हो रहे थे…,प्राचार्य पदोन्नति फोरम की स्कूल शिक्षा मंत्री से सार्थक चर्चा…

रायपुर (CG MP TIMES/19 नवंबर 2025) :
हाईकोर्ट का फैसला आने के बावजूद ई संवर्ग के पदोन्नत प्राचार्यों की पदस्थापना हेतु काउंसिलिंग आदेश जारी नहीं होने से प्राचार्य पदोन्नति फोरम ने शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव से मुलाकात कर उन्हें बताया कि नवंबर माह में रिटायर हो रहे 54 पदोन्नत प्राचार्य पदभार ग्रहण किए बिना रिटायर हो जाएंगे। जिसके बाद शिक्षा मंत्री ने 21 से 24 नवंबर तक निरंतर काउंसिलिंग कर आदेश जारी करने का निर्देश दिया। इससे सभी पदोन्नत प्राचार्यों को पदस्थापना आदेश मिल जाएगा।

बता दें कि, छत्तीसगढ़ प्राचार्य पदोन्नति फोरम की 19 नवंबर को स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव से दुर्ग निवास पर ई संवर्ग के पदोन्नत प्राचार्य की स्थगित हुई काउंसलिंग पर सार्थक चर्चा हुई जिसमें फोरम ने काउंसलिंग की धीमी प्रक्रिया पर चिंता जताते हुए कहा कि 30 नवंबर अवकाश का दिन है। अतः नवंबर माह में सेवानिवृत हो जाने वाले 54 पदोन्नत प्राचार्य कार्यभार ग्रहण करने से वंचित हो जाएंगे।

स्कूल शिक्षा मंत्री ने इस बात की संज्ञान में लेते हुए स्थगित काउंसलिंग प्रक्रिया को 21 से 24 नवंबर तक निरंतर काउंसिलिंग कर आदेश जारी करने का निर्देश दिया। उल्लेखनीय है कि 1478 पदोन्नत प्राचार्य की पद स्थापना हेतु 17 नवंबर को होने वाली काउंसलिंग एक दिन पहले स्थगित हो गई थी। स्कूल शिक्षा मंत्री से मिलने वाले प्रतिनिधि कर्मचारी अधिकारी महासंघ के प्रदेश संयोजक अनिल शुक्ला, राकेश शर्मा, आरके झा, श्याम कुमार वर्मा एवं मलखम वर्मा ने शिक्षा मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है।