पेण्ड्रा।गौरेला।मरवाही (छग एमपी टाइम्स/15 जनवरी 2024) :
पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान और समाजसेवा के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान स्थापित कर चुके विश्व हिन्दू परिषद जीपीएम जिला अध्यक्ष हर्ष छाबरिया एवं जनजागरण अभियान को निरंतर जारी रखने वाले अखिल विश्व गायत्री परिवार के दिया ग्रुप के प्रांत विस्तारक ओम प्रकाश बलभद्रे को युवा उत्कर्ष सम्मान से सम्मानित किया गया है। राजनांदगांव में आयोजित किए गए प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में जीपीएम जिले के दोनों युवाओं को सम्मानित किया गया। दोनों युवाओं को सम्मानित किए जाने से जिला वासियों ने खुशी जताया है।
बता दें कि विश्व हिन्दू परिषद के जिलाध्यक्ष हर्ष छाबरिया को पेण्ड्रा नगर में स्वच्छता दूत के रुप में पहचाना जाता है। उनके द्वारा नगर के मुक्तिधाम, खेल मैदान, दुर्गा सरोवर, शीतला सरोवर सहित नगर के कई सार्वजनिक स्थलों को पिछले 8 वर्षों से गोद लेकर साफ सफाई कराया जाता है। वहीं विश्व हिन्दू परिषद के जिलाध्यक्ष के रुप में भी हर्ष छाबरिया की सक्रियता ने लोगों को प्रभावित किया है। 22 जनवरी को अयोध्या में नव निर्मित भव्य मंदिर में होने वाले भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर उनके द्वारा इन दिनों जिले के गांव गांव में निरंतर अक्षत कलश यात्रा एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। हर्ष छाबरिया ने जिले में अपनी अलग पहचान स्थापित की है।

दिया ग्रुप के प्रांत विस्तारक ओम प्रकाश बलभद्रे जिले में गायत्री परिवार से संबंधित धार्मिक आयोजनों के अलावा जनजागरण अभियान, स्वच्छता अभियान और वृक्षा रोपण जैसे कार्यों के के ही सामाजिक कार्यों में अग्रणी रहते हैं। इस कारण से ओम प्रकाश बलभद्रे की भी अपनी अलग पहचान जिले में स्थापित हुई है।