
पेण्ड्रा।गौरेला।मरवाही (छग एमपी टाइम्स/05 जून 2024) :
विश्व पर्यावरण दिवस पर 5 जून बुधवार को पेण्ड्रा विकासखण्ड के ग्राम कुदरी में अमृत सरोवर गाता तालाब में जिला स्तरीय वृक्षा रोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने अमृत सरोवर के मेढ़ पर बरगद के पौधे और परियोजना निदेशक डीआरडीए कौशल प्रसाद तेन्दुलकर ने पीपल के पौधे का रोपण किया। इसी तरह सरोवर के चारों तरफ मेढ़ पर जनप्रतिनिधियों और ग्रामवासियों ने आम, जामुन, कटहल, बिही आदि के फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया। अमृत सरोवर कुदरी के साथ ही जिले के सभी पंचायतों में आज से वृक्षा रोपण अभियान शुरू किया गया है।
कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने विश्व पर्यावरण दिवस पर लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि वृक्षा रोपण का उद्देश्य पर्यावरण और प्रकृति की संरक्षण करना है। प्रकृति के दोहन होने से तापमान बढ़ता है और जल संकट का सामना करना पड़ता है। उन्होंने हर साल बरसात के मौसम में अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनका देख-भाल एवं संरक्षण के लिए संकल्प लेने कहा। उन्होने वर्षा जल संचय के लिए सभी शासकीय एवं निजी भवनों में रेनवाटर हारवेस्टिंग अनिवार्य रूप से लगाने की भी अपील की।
परियोजना निदेशक केपी तेन्दुलकर ने कहा कि हमारे जीवन में वृक्षों की बड़ी अहमियत है। वृक्षों से हमें सिर्फ छाया ही नही मिलता बल्कि फल-फूल, ईंधन आदि भी मिलते हैं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण के लिए लोगों को जागरूक करने कहा। इस दौरान जनपद सीईओ पेण्ड्रा डॉ. संजय शर्मा, सरपंच ईश्वर सिंह मराबी, जानकी बाई, स्व सहायता की महिलाएं, ग्रामवासी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।