लोकसभा चुनाव : तैयारी में जुटे भाजपा कार्यकर्ता “हमारा संकल्प विकसित भारत” के जनकल्याणकारी योजनाओं का पंपलेट घर घर बांट रहे…….वहीं कांग्रेस के कार्यकर्ता विधानसभा चुनाव के हार के सदमे से नहीं उभर पाए इसलिए किसानों के भारत बंद को समर्थन देने के बावजूद बंद रहा फ्लाप……

पेण्ड्रा।गौरेला।मरवाही (छग एमपी टाइम्स/17 फरवरी 2024) :
हमारा संकल्प विकसित भारत – प्रगति के पथ पर छत्तीसगढ़ शासन के विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का पंपलेट भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा घर-घर जाकर बांटकर लोकसभा चुनाव की जमीनी तैयारी में जुट गए हैं, वहीं कांग्रेस के कार्यकर्ता विधानसभा चुनाव में मिले हार के सदमे से अब तक नहीं उभर पाए हैं इसलिए कहीं पर भी उनमें सक्रियता नहीं दिख रही है। यहां तक कि 16 फरवरी को कांग्रेस ने किसानों के पक्ष में भारत बंद को समर्थन तो दे दिया और समर्थन देने का डिंडोरा पीटकर उसे खूब प्रचारित भी कर दिया लेकिन कांग्रेस का एक भी कार्यकर्ता बंद को सफल बनाने के लिए घर से बाहर नहीं निकला और कहीं पर भी बंद को सफल बनाने का प्रयास करता नजर नहीं आया जिससे कांग्रेस की बंद की अपील बुरी तरह से फ्लाप हो गई।

वहीं भाजपा के कार्यकर्ता विधानसभा चुनाव में जीत के बाद उत्साह से लबरेज हैं। उत्साही भाजपा कार्यकर्ताओं ने दो माह पहले जहां एक ओर अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए घर-घर निमंत्रण एवं अक्षत वितरित कर एक दौर का अपना जनसंपर्क अभियान पूरा कर लिया था, वहीं अब हमारा संकल्प विकसित भारत – प्रगति के पद पर छत्तीसगढ़ से संबंधित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का पंपलेट घर-घर बांटकर लोकसभा चुनाव के संबंध में जनसंपर्क अभियान का दूसरा राउंड शुरू कर चुके हैं।

इससे एक बात स्पष्ट है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता और भाजपा के मजबूत जनाधार के बावजूद भी भाजपा लोकसभा चुनाव को बहुत ही गंभीरता से लड़ने वाली है और वह प्रचार और जनसंपर्क में कोई कोर कसर बाकी नहीं रखना चाहती, इसलिए वह घर-घर अभी से जनसंपर्क कर रही है।

हमारा संकल्प विकसित भारत पंपलेट बांटने के लिए नगर पालिका क्षेत्र पेण्ड्रा के विभिन्न वार्डों में भाजपा के कार्यकर्ता अलग-अलग टोलियों में घर-घर जाते दिख रहे हैं। जिसमें वार्ड नंबर 9, 10 एवं 11 में घर घर में हमारा संकल्प विकसित भारत का प्रचार प्रसार करने में प्रमुख रूप से पार्षद एवं भाजपा जिला महामंत्री राकेश चतुर्वेदी, पूर्व पार्षद मनीष श्रीवास, महेश मिश्रा, रमेश तिवारी सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता शामिल थे।