अमरकंटक/पेण्ड्रा (छग एमपी टाइम्स/06 जनवरी 2024) :
मां नर्मदा जी की उद्गम स्थली पवित्र नगरी अमरकंटक को स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 के तहत अमरकंटक को राष्ट्रीय पुरस्कार हेतु चयनित किया गया है। स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु यह पुरस्कार 11 जनवरी 2024 को दिल्ली के भारत मंडपम में नगर परिषद अमरकंटक को प्रदान किया जाएगा। इस पुरस्कार हेतु मध्य प्रदेश के 6 शहरों को नामांकित किया गया है, जिसमें अमरकंटक निकाय के अलावा इंदौर, भोपाल, महू कैंट, नौरोजाबाद एवं बुधनी शामिल है।
नगर परिषद से प्राप्त जानकारी अनुसार जबकि “ओडीएफ++” एवं “गार्वेज फ्री सिटी” प्रतिस्पर्धा के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। नगर परिषद अमरकंटक को ओडीएफ++ प्रमाणीकरण प्राप्त हुआ है, साथ ही जीएफसी 1 स्टार रेटिंग भी निकाय द्वारा अर्जित की गई है।
अमरकंटक नगर परिषद की अध्यक्ष पार्वती सिंह उइके ने इस उपलब्धि को सम्मान तथा गर्व की बात बताते हुए इसके लिए सभी अधिकारी, कर्मचारी, सफाई कर्मी और नगर वासियों के सहयोग एवं जागरूकता की सराहना की है। नगर परिषद अध्यक्ष ने कहा कि स्वच्छता के प्रति नगर वासियों ने जो सहयोग दिया और सफाई कर्मियों ने जिस तरह से मेहनत किया यह सब उसी का सुखद परिणाम है।
नगर परिषद के सीएमओ चैन सिंह परस्ते एवं उपयंत्री देवल सिंह बघेल ने इस उपलब्धि पर कहा कि कि अमरकंटक को स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 में राष्ट्रीय पुरस्कार हेतु चयनित किया गया है तो यह पूरे नगर के लिए सम्मान और गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यह सब कलेक्टर अनूपपुर के सतत मार्गदर्शन और प्रयास का ही परिणाम है। उन्होंने कहा कि अमरकंटक के सभी जागरूक नगरवासियों के सहयोग से ही संभव हो सका है। भविष्य में इसी प्रकार का प्रदर्शन करने हेतु यह पुरस्कार सदैव हमें प्रेरित करता रहेगा।
नगर परिषद के स्वच्छता प्रभारी मदन सिंह ने इस पर कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है साथ ही अमरकंटक नगरवासियों के लिए भी गर्व करने की बात है । हमारे सभी सफाई कर्मचारी जो इस मुहिम में रोजाना कार्य करने में लगे रहते हैं वो सब अपनी जवाबदेही सुनिश्चित कर अमरकंटक को स्वच्छता (सफाई) कार्य में बखूबी सेवाए प्रदान करते हैं, जिसका परिणाम आज हम अनुभव कर रहे हैं। नगर परिषद के सफाई कर्मचारी शारदा प्रसाद मोंगरे व मनीष मानिकपुरी ने भी इस पुरस्कार प्राप्त होने की खुशी के लिए अमरकंटक वासियों को, अपने अधिकारियों तथा अपनी सफाई कर्मचारियों के पूरी टीम को धन्यवाद दिया है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 में राष्ट्रीय पुरस्कार हेतु चयनित होने पर नगर परिषद के सभी कर्मचारी, सफाई कर्मचारी, पार्षदों एवं नागरिकों ने हर्ष व्यक्त किया है।