
पेण्ड्रा।गौरेला।मरवाही (छग एमपी टाइम्स/26 फरवरी 2024) :
मधुमक्खियों के हमले से एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीण ग्राम कारीआम आश्रम गया था, जहां मधुक्खियों के हमले के बाद चीख-पुकार मचाता हुआ इधर-उधर भागा, लेकिन मक्खियों की तादात इतनी ज्यादा थी कि वह उनके चंगुल से बच नहीं पाया। मधुमक्खियां उसे आधे घंटे से भी ज्यादा वक्त तक लगातार काटती रहीं, वह बेदम होकर गिर पड़ा था।
राहगीरों ने इसकी सूचना संजीवनी एक्सप्रेस 108 वाहन को दी। सूचना मिलते ही संजीवनी एक्सप्रेस वाहन मौके पर पहुंची और रेस्क्यू आपरेशन कर ग्रामीण को बचाया, फिर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।

घायल युवक का नाम राजेंद्र गुर्जर है। बताया जा रहा है कि, वह अपने गांव से कारीआम आश्रम घूमने गया हुआ था। आश्रम में घूमने के दौरान उन पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। राजेंद्र गुर्जर को वहां से गुजर रहे राहगीरों ने चीखते-पुकारते सुना और देखा। तब राहगीरों ने इसकी सूचना संजीवनी एक्सप्रेस 108 और डायल 112 को दी गई। सूचना मिलते ही संजीवनी एक्सप्रेस 108 और डायल 112 के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। कर्मचारियों ने मधुमक्खियों के बीच घिरे ग्रामीण का रेस्क्यू किया और फिर गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनकी हालत बिगड़ने पर उसे बिलासपुर रेफर कर दिया गया।
इस घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें संजीवनी एक्सप्रेस के कर्मचारियों ने कंबल ओढ़कर बहुत ही मुश्किल से घायल ग्रामीण को संजीवनी एक्सप्रेस में चढ़ा पाए। जब संजीवनी एक्सप्रेस कर्मी घायल को गाड़ी में चढ़ा रहे थे तो मधुमक्खियां घायल व्यक्ति के साथ ही संजीवनी एक्सप्रेस कर्मी पर भी झूम रहे थे लेकिन कर्मी ने सतर्कता बरतते हुए कंबल ओढ़ लिया था और हाथों में दस्ताना पहने हुए था, इसलिए अपने आप को बचा पाया। घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से उसे गंभीर हालत में सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया है।