रायपुर (छग एमपी टाइम्स/18 अप्रैल 2024) :
लोकसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से पहले छत्तीसगढ़ संयुक्त अनियमित कर्मचारी महासंघ ने भाजपा को समर्थन देकर कांग्रेस को बहुत बड़ा झटका दे दिया है। इस संदर्भ में संयुक्त अनियमित कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष रवि गड़पाले ने खुला पत्र जारी किया है। वहीं 5 साल तक भूपेश बघेल के राज में वादा खिलाफी और आंदोलनों के दमन को कोई भी कर्मचारी वर्ग अब तक नहीं भूला है। नियमित कर्मचारियों और पेंशनरों का 5 साल डीए के लिए संघर्ष करते ही बीत गया था, उसके बावजूद भी भूपेश सरकार ने डीए का 5 साल का एरियर्स नहीं दिया जिससे कर्मचारियों और पेंशनरों को लाखों रुपए का चोट पहुंचा था। यहां तक की विधानसभा चुनाव के दौरान निर्वाचन आयोग से डीए देने की अनुमति मिलने के बावजूद भी भूपेश सरकार ने कर्मचारियों का डीए नहीं दिया बल्कि कर्मचारियों के लिए मिली अनुमति के आधार पर भारतीय प्रशासनिक सेवा के अफसरों को डीए देकर कर्मचारियों के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम भूपेश सरकार ने किया था जिसके कारण कर्मचारियों और पेंशनरों में भी भूपेश बघेल से भारी नाराजगी अब भी बनी हुई है। आचार संहिता और सेवा शर्तों से बंधे नियमित कर्मचारी अपनी प्रतिक्रिया अनियमित कर्मचारी महासंघ की तरह भले ही व्यक्त नहीं कर पा रहे हैं लेकिन छत्तीसगढ़ कांग्रेस की राजनीति भूपेश बघेल के प्रभाव में होने के कारण ही कांग्रेस से कर्मचारियों की नाराजगी यथावत बनी हुई है।

बता दें कि प्रदेश में लगभग 10 लाख की संख्या में नियमित, अनियमित, दैनिक वेतन भोगी, संविदा कर्मचारी और पेंशनर्स हैं, जिनके परिवार का लगभग 20 हजार वोट प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में है। इसलिए पूर्ववर्ती भूपेश सरकार से अब तक नाराज चल रहा कर्मचारी वर्ग लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को बड़ा नुकसान पहुंचा सकता है।
बता दें कि 17 अप्रैल को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव को लिखे पत्र में छत्तीसगढ़ संयुक्त अनियमित कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष रवि गड़पाले ने लिखा है कि, छत्तीसगढ संयुक्त अनियमित कर्मचारी महासंघ एवं समस्त कर्मचारी संगठन भाजपा एवं प्रधानमंत्री पर अटल विश्वास करता है क्योंकि उन्होंने 100 दिन में कमेटी बनाने का वादा किया था जो की बन चुकी है।

हमें पूर्ण विश्वास है कि मोदी जी के तीसरे कार्यकाल में 100 दिन में बड़े निर्णय लेने की बात की है जिसमें भारत के विकास के साथ साथ हम कर्मचारियों को भी भरोसा है, क्योंकि मोदी जो बोलते हैं वह करते हैं। अनियमित कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष रवि गड़पाले ने कहा कि भूपेश बघेल के 5 साल के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ ने जो काला अध्याय देखा है।
उससे समस्त कर्मचारी संगठन को समझ आ गया है भूपेश बघेल केवल छत्तीसगढ़िया लोगों को ठगने का काम किया है और हम अनियमित कर्मचारी के नेताओं का जीवन बर्बाद करने में भी कांग्रेस पार्टी ने कोई कसर नहीं छोड़ी। केवल अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए हम लोगों को जेल तक भेजा गया।
इस कार्यवाही से आहत होकर समस्त कर्मचारी संगठन कर्मचारी/अधिकारी एकजुट होकर भाजपा को समर्थन करने का निर्णय लिया और हम राजनांदगांव जाकर भी जन-जन को बताएंगे कि अगर भूपेश बघेल पर भरोसा करेंगे तो आपके बच्चों का भविष्य भी गलत को गलत बोलने पर जेल की सलाखों के पीछे होगा। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष को पत्र लिखकर छत्तीसगढ़ संयुक्त अनियमित कर्मचारी महासंघ प्रदेश के 280000 अनियमित कर्मचारी अधिकारी के पूरे परिवार का समर्थन दिया है।