पेण्ड्रा।गौरेला।मरवाही (छग एमपी टाइम्स/22 जनवरी 2024) :
22 जनवरी सोमवार को अयोध्या में हुए भगवान श्रीराम लला के प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर पेण्ड्रा नगर में समस्त मंदिरों में श्रीराम भक्तों ने विशेष पूजा अर्चना कर प्रभात फेरी निकाला। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, सर्व हिंदू समाज के द्वारा भजन कीर्तन एवं भव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में श्रीराम भक्त शामिल हुए। जीपीएम जिले के एसपी योगेश पटेल एवं एएसपी मनीषा ठाकुर रावटे ने भी पंडाल में पहुंचकर भगवान श्रीराम की आरती की।

दुर्गा चौक पेण्ड्रा में विशाल मंच बनाकर भगवान श्रीराम के फोटो की सुबह 10 बजे पूजा अर्चना के बाद भजन कीर्तन किया गया। उसके बाद दोपहर में अयोध्या में श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद यहां भी कार्यक्रम स्थल में भगवान श्रीराम की आरती की गई। उसके बाद श्रीराम-सीता, लक्ष्मण, भारत, शत्रुघ्न, हनुमान का रूप धारण करे बच्चों की झांकी के साथ भव्य शोभायात्रा नगर में निकाली गई।

शोभायात्रा दुर्गा चौक से शुरू होकर पुरानी बस्ती श्रीराम मंदिर तक गई और वहां मन्दिर में भगवान श्रीराम की आरती करने के बाद वापस नगर भ्रमण करते हुए शिव मंदिर तक पहुंची, जहां शोभायात्रा का समापन किया गया। शोभायात्रा का नगर वासियों ने जगह-जगह पर फूल मालाओं एवं पुष्प वर्षा से स्वागत किया। दुर्गा चौक में सुबह 10 बजे से शुरू हुआ भजन कीर्तन लगातार चला। इस बीच हनुमान चालीसा का पाठ भी किया गया। इस दौरान मुख्य रूप से विश्व हिंदू परिषद के जीपीएम जिलाध्यक्ष हर्ष छाबरिया, बजरंग दल के जिला संयोजक सागर पटेल सहित सैकड़ों की संख्या में श्रीराम भक्त उपस्थित थे।

राममय हुए पेण्ड्रा नगर में मनाई गई दीवाली
सोमवार को पूरा नगर राममय था। सभी मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा और सभी मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना किया गया। श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर लोगों में उत्साह, उमंग और खुशी का माहौल देखा गया। लोगों को सैकड़ो वर्षों के बाद ऐसा अवसर मिला कि वह इस दिन जमकर आतिशबाजी किए। शाम को नगर के सभी घर दिए की रोशनी से जगमग दिखे। श्रीराम भक्तों ने सोमवार का दिन दीपावली की त्यौहार की तरह मनाया।

श्रीराम भक्तों ने निकाली प्रभात फेरी
श्रीराम भक्तों ने सुबह 6 बजे पेण्ड्रा नगर में प्रभात फेरी निकाला। श्रीराम भजन और श्रीराम के जयकारे के साथ निकाले गए प्रभात फेरी ने पूरा नगर भ्रमण किया। प्रभात फेरी में सैकड़ों की संख्या में श्रीराम भक्त शामिल हुए।

भक्ति में डूबा न्यायालय परिसर, हुआ भंडारे का आयोजन
पेण्ड्रारोड के अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय एवं व्यवहार न्यायालय परिसर भी राममय दिखा। पूरे परिसर को भगवा झंडी से सजाया गया था। परिसर में स्थित हनुमान जी के मन्दिर में पूजा अर्चना के बाद समस्त अधिवक्ताओं के द्वारा परिसर में ही भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें सैकड़ों भक्तों ने भंडारा प्रसाद ग्रहण किया।