बीच सड़क में बाघ ने किया गाय का शिकार…,कैमरे में कैद हुआ शिकार करने का वीडियो…

बिलासपुर (छग एमपी टाइम्स/10 मार्च 2024) : 
अचानकमार टाइगर रिजर्व सड़क पर बाघ नजर आया और उसने गाय का बीच सड़क में शिकार किया। शिकार करने का वीडियो कैमरे में कैद किया गया है। एटीआर में अब जंगल के अंदर के अलावा सड़कों पर बाघ का मूवमेंट दिखने लगा है। दो दिन पहले बीच सड़क पर मवेशी का शिकार करते एक बाघ का वीडियो आया है। एटीआर प्रबंधन इससे खुश है और दावा भी कर रहा है कि आने वाले दिनों में एक या दो नहीं बल्कि बड़ी संख्या में बाघ विचरण करते नजर आएंगे।

अचानकमार को टाइगर रिजर्व 2009 में घोषित किया। यह बिलासपुर या मुंगेली जिले के लिए बल्कि छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी उपलब्धि थी। टाइगर रिजर्व में धीरे- धीरे बाघों की संख्या बढ़ रही है। लगातार ट्रैप कैमरे में भी उनकी तस्वीर कैद हो रही है। यह तस्वीर जंगल के अंदर से आती रही है। प्रबंधन को जगह भी मालूम है। लेकिन, स्थल को गोपनीय रखा गया। कहीं न कहीं इसकी वजह बाघों की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। इसके अलावा मुख्य मार्ग पर प्रतिबंध को भी एक कारण माना जाता है। बता दें कि 6 माह पहले टाइगर रिजर्व के अन्दर रंजकी के पास एक गाय के शिकार का मामला भी सामने आया था।

टाइगर रिजर्व के बीच से लोक निर्माण विभाग की सड़क निकली है, जो मध्य प्रदेश को जाती है। वाहनों की आवाजाही के कारण वन्य प्राणी प्रभावित होते थे। लेकिन, अब इस पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। इसी का असर अब दिखने लगा है। वन्य प्राणी जंगल के अंदर से बाहर सड़क पर आ रहे हैं। चीतल, बाइसन के अलावा अब तक कई तरह के वन्य प्राणी सड़क पर नजर आए हैं। यह पहली बार है, जब बाघ का मवेशी का शिकार करता वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो देखकर प्रबंधन ने जगह भी चिंहित कर लिया है। लेकिन, सुरक्षा के मद्देनजर स्थान को गाेपनीय रखा गया है। प्रबंधन का यह मानना है अब तो एक ही बाघ नजर आया है। आने वाले दिनों में संख्या अधिक नजर आएगी। अन्य टाइगर रिजर्व की तरह यहां भी पर्यटक बाघों का भरपूर लुत्फ उठा सकेंगे।

बाघों का कुनबा बढ़ाने के लिए टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने एक अच्छा प्रयास भी कर रहा है। महाराष्ट्र व मध्य प्रदेश से दो बाघिन व एक बाघ लाने की योजना है। इसकी सहमति भी मिल चुकी है। बहुत जल्द यह प्रक्रिया पूरी होगी। इसके साथ ही टाइगर रिजर्व के अंदर बचे 19 गांवों का विस्थापन भी किया जाएगा। तीन गांव को विस्थापित करने की प्रक्रिया काफी पहले पूरी हो गई है।