परम शांति धाम गोरखपुर में श्रीराम कथा एवं हिंदू सम्मेलन का आयोजन…,राष्ट्रीय स्वाभिमान एवं युवा शक्ति जागरण को समर्पित कार्यक्रम…

पेण्ड्रा।गौरेला।मरवाही (CG MP TIMES/12 नवंबर 2024) :
परम शांति धाम गोरखपुर (पेण्ड्रारोड) में युवा शक्ति राष्ट्रीय स्वाभिमान के जागरण के उद्देश्य से विशाल हिंदू सम्मेलन व संगीतमय श्रीराम कथा का आयोजन चल रहा है।

संगीतमय श्रीराम कथा का मधुर वाचन अयोध्या से पधारे रामायण के विद्वान स्वामी देवेश्वरानंद के द्वारा प्रतिदिन सायं 3 बजे से किया जा रहा है। तीन दिवसीय कार्यक्रम संपन्न हो चुका है, जिसमें अभी तक श्रीराम कथा में स्वामी देवेश्वरानंद द्वारा शिव विवाह, दक्ष यज्ञ भंग, सतीजी का देह त्याग, नारदजी के मोह की कथा और श्रीराम जन्म का प्रसंग सुनाया जा चुका है।

प्रातः कालीन सत्र में आचार्य मुकेश द्वारा युवा शक्ति को योग, प्राणायाम व ध्यान का अभ्यास करवाया जा रहा है। जिससे युवा व वृद्ध सभी लाभांवित हो रहे हैं।

परम शांति धाम में अखंड राम नाम का कीर्तन सतत रूप से प्रारंभ हुआ है। सभी धर्म प्रेमी आश्रम में पहुंचकर सभी सत्रों का लाभ उठा रहे हैं। बाल विदूषी विजया उर्मलिया के द्वारा युवा शक्ति को महाभारत व अन्य शास्त्रों से नीति की कथा सुनाई जाती है। विजया उर्मलिया ने नीति कथा के माध्यम से युवाओं को मन से मोह की पट्टी को उतारने के बारे में बताया। नगर वासी और आसपास के ग्रामवासी बड़ी संख्या में आश्रम के प्रमुख स्वामी परमात्मानंद से आशीर्वाद प्राप्त करने प्रतिदिन पहुंच रहे हैं।

कार्यक्रम में आश्रम के संस्कृत विद्यालय के बच्चों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। साथ ही करीब 45 गांव की मानस मंडलियों द्वारा मानस गान प्रतियोगिता में प्रस्तुतिकरण दिया जा रहा है। पेण्ड्रा गौरेला के विभिन्न स्कूलों के बच्चों द्वारा भजन गायन प्रतियोगिता में प्रस्तुतीकरण दी गई। जिसमें डीएवी पब्लिक सारबहरा स्कूल की आराध्या विश्वकर्मा ने प्रथम स्थान, मां कल्याणिका पब्लिक स्कूल की देवांशी दुबे ने द्वितीय स्थान एवं स्वामी परमानंद संस्कृत विद्यालय की साक्षी एक्का ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

14 नवंबर को सुबह 11 से 1 बजे तक विशाल हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जायेगा। हिंदू सम्मेलन के उपरांत विशाल भंडारा का आयोजन किया जायेगा।

आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं विश्व हिन्दू परिषद जिलाध्यक्ष हर्ष छाबरिया एवं उपाध्यक्ष संदीप सिंघाई ने सभी नगर वासियों एवं ग्राम वासियों को इस सम्मेलन में शामिल होने का आग्रह किया है।