पेण्ड्रा।गौरेला।मरवाही (CG MP TIMES/26 सितम्बर 2024) :
छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के नेतृत्व में कर्मचारी अपनी 4 सूत्रीय मांगों को लेकर एक बार फिर लामबंद होकर दिनांक 27 सितंबर 2024 को पूरे प्रदेश में एक दिन का कलम बंद काम बंद हड़ताल का आह्वान किया है। जिसमें प्रत्येक जिले में कर्मचारी इस हड़ताल में शामिल हो रहे हैं।
फेडरेशन से सम्बद्ध संगठनों के द्वारा छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों अधिकारियों से अपील की जा रही है। अनुसूचित क्षेत्र कर्मचारी अधिकारी संघ के प्रांतीय अध्यक्ष प्रवीण श्रीवास एवं प्रांतीय सचिव पीयूष कुमार गुप्ता ने हड़ताल को समर्थन देते हुए छत्तीसगढ़ के समस्त कर्मचारी अधिकारी साथियों को इस हड़ताल में शामिल होने के लिए आह्वान किया है।
उन्होंने अपने अधिकार के लिए यह बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार के द्वारा कर्मचारियों का वर्तमान का महंगाई भत्ता एवं पुराने समय के मंहगाई भत्ते के एरियर की राशि रोकी गई है। संगठन की मांग है कि केंद्र के समान महंगाई भत्ता कर्मचारियों का अधिकार है। तीन स्तरीय वेतनमान कर्मचारियों अधिकारियों को प्राप्त होना चाहिए। छत्तीसगढ़ सरकार के द्वारा अपने घोषणा पत्र में कर्मचारियों की मांगों को प्राथमिकता देते हुए जगह दी गई थी। अब समय आ गया है छत्तीसगढ़ सरकार को अपनी मांगों को पूरा करने का समस्त कर्मचारी अधिकारी अपने अधिकार के लिए, पुनः लामबंद हों।
उन्होंने शासन से निवेदन किया कि जल्द से जल्द शासन कर्मचारियों की इस मांग को पूरा करें। उन्होंने सरकार को याद दिलाया कि मोदी की गारंटी के आधार पर अपने कर्मचारियों के इन सभी मांगों का वादा चुनावी वर्ष में किया था आज छत्तीसगढ़ के समस्त कर्मचारी अपनी मांगों के लिए और आपके उसे वादे के लिए पुनः एक बार हड़ताल के लिए बाध्य हैं। किसी भी प्रदेश या देश को आगे बढ़ाने में उनके कर्मचारियों का सबसे बड़ा योगदान होता है और ऐसे समय पर कर्मचारियों को नजर अंदाज कर देना उचित नहीं। सरकार को जल्द से जल्द कर्मचारियों की मांगों को पूरा करना चाहिए।