जीपीएम जिले के राजपत्रित अधिकारी संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. सुरेश सोनी के आकस्मिक निधन से कर्मचारी जगत एवं गौ पालकों में शोक की लहर…

पेण्ड्रा।गौरेला।मरवाही (छग एमपी टाइम्स/07 अप्रैल 2024) :
गौरेला पेण्ड्रा मरवाही जिले के राजपत्रित अधिकारी संघ के जिला अध्यक्ष एवं पशु चिकित्सालय पेण्ड्रा में पदस्थ डॉक्टर सुरेश सोनी का 7 अप्रैल रविवार को हृदयाघात से आकस्मिक निधन ईलाज के दौरान बिलासपुर में हो गया। उनके निधन का समाचार सुनकर कर्मचारी जगत एवं गौ पालकों में शोक की लहर दौड़ गई। डॉक्टर सुरेश सोनी कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी होने के साथ ही बहुत ही मिलनसार जिंदादिल इंसान थे।

वे क्षेत्र के जाने माने गौसेवक भी थे। डॉक्टर सुरेश सोनी की विशेषता थी कि पशु चिकित्सालय में सेवाएं देने के अलावा गाय या मवेशियों के बीमार होने की सूचना पाकर वो किसान के घर पहुंचकर भी ईलाज किया करते थे।

मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह डॉक्टर सुरेश सोनी पेण्ड्रा के भर्रापारा स्थित जायसवाल डेयरी फार्म में गाय का ईलाज करने गए थे तो उन्होंने डेयरी संचालक गणेश जायसवाल से सीने में दर्द होने की बात कही थी, जिसपर जायसवाल ने उन्हें डॉक्टर के पास जाने की सलाह दी थी। लेकिन हृदयाघात के उक्त लक्षण को डॉक्टर साहब ने गैस का दर्द समझकर नजर अंदाज कर दिया था और गैस की दवा ले रहे थे। उसके बाद भी सीने में दर्द लगातार बने रहने और तकलीफ बढ़ने के कारण रविवार को उन्होंने अपनी जांच डॉक्टर से कराई तो डॉक्टर ने हृदयाघात का लक्षण देखते हुए प्राथमिक उपचार करके उन्हें बिलासपुर रेफर कर दिया। बिलासपुर में ईलाज के दौरान डॉक्टर सुरेश सोनी का निधन हो गया।

डॉक्टर सुरेश सोनी का अंतिम संस्कार वाराणसी में गंगा तट पर किया जाएगा।