
पेण्ड्रा।गौरेला।मरवाही (छग एमपी टाइम्स/10 जुलाई 2024) :
जहरीले डंडा करैत सांप के डसने से एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई। मृत महिला 5 माह से गर्भवती थी। दोनों की मृत्यु झाड़फूंक के चक्कर में ईलाज में की गई देरी की वजह से हुई।
पेण्ड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुड़कई निवासी रोशनी भरिया को मंगलवार की रात में जहरीले डंडा करैत सांप ने डस लिया। रात 3 बजे करीब उसकी हालत बिगड़ने पर उसे सर्प दंश का पता चला। इसी दौरान उसके हाथ में उसी सांप ने दोबारा फिर डस लिया। परिजनों ने पहले उसका झाड़फूंक कराया। उसके बाद सुबह 6 बजे उसे अस्पताल ले गए। लेकिन शरीर में अत्यधिक जहर फैल जाने के कारण उसकी मौत हो गई। रोशनी भरिया 5 माह से गर्भवती थी।
ऐसा ही मामला मरवाही ब्लाक के ग्राम मेडुका का भी है। विजय अगरिया को रात में लगभग 11 बजे डंडा करैत सांप ने डस लिया। उसके बाद उसका झाड़ फूंक गांव में ही कराया गया। झाड़ फूंक के दौरान हालत बिगड़ने के बाद सुबह 6 बजे उसे भी अस्पताल लाया गया, लेकिन तब तक पूरे शरीर में जहर फैल चुका था इसलिए उसकी भी मौत हो गई। दोनों ही मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।