

रायपुर।पेण्ड्रा।गौरेला।मरवाही (छग एमपी टाइम्स/12 मार्च 2024) :
12 मार्च को छत्तीसगढ़ में भारत देश का नया रिकॉर्ड बना है। छत्तीसगढ़ में देश में सबसे उच्चतम दाम 3100 रूपये प्रति क्विंटल धान का भुगतान भाजपा सरकार ने किसानों को कर दिया है। कृषक उन्नति योजना के तहत 24.72 लाख किसानों के खाते में प्रति क्विंटल 917 रूपये की दर से बोनस राशि के 13320 करोड़ रूपए 12 मार्च को ट्रांसफर किए गए हैं। बता दें कि 1 नवम्बर से 4 फरवरी तक छत्तीसगढ़ में किसानों से किए गए धान खरीदी का केंद्र सरकार द्वारा तय किया गया 2183 रूपये प्रति क्विटंल की दर से भुगतान कर दिया गया था। चूंकि विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 3100 रूपये की दर से एक एकड़ में 21 क्विटंल धान खरीदी का वायदा किसानों से किया था। जिस वायदे को पूरा करते हुए 917 रूपये की अंतर राशि का भुगतान मंगलवार को किया गया है। इस तरह से किसानों से 3100 रूपये प्रति क्विंटल धान खरीदने वाला भारत देश का एकमात्र राज्य छत्तीसगढ़ बन गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के द्वारा रिमोट का बटन दबाते ही यह राशि किसानों के खाते में ट्रांसफर हो गई है।

कृषक उन्नति योजना के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 12 मार्च मंगलवार को प्रदेश के 24 लाख 72 हजार से अधिक किसानों के खाते में 13320 करोड़ रूपए की राशि ट्रांसफर किए। मुख्यमंत्री द्वारा रिमोट का बटन दबाते ही गौरेला पेण्ड्रा मरवाही जिले के 17 हजार 985 किसानों के खाते में 108 करोड़ 14 लाख 08 हजार 298 रूपए की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके खाते में जमा हो गया।

जिला मुख्यालय बालोद से कृषक उन्नति योजना के तहत आयोजित आदान सहायता राशि वितरण एवं किसान मेला सह प्रदर्शनी का लाइव प्रसारण देखने जिला प्रशासन के सहयोग से कृषि एवं सहकारिता विभाग द्वारा जिला एवं ब्लाक मुख्यालयो तथा समिति स्तर पर व्यवस्था की गई थी।
कलेक्ट्रेट परिसर पेण्ड्रारोड में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। विधायक मरपच्ची ने अपने संबोधन में कहा कि आज बड़ी खुशी का दिन है, छत्तीसगढ़ प्रदेश किसानो का प्रदेश है, छत्तीसगढ़ धान का कटोरा के नाम से जाना जाता है। जिले के 17 हजार 985 किसानो के खाते में 108 करोड़ 14 लाख 08 हजार 298 रूपए अंतरित हुआ है, यह बहुत बड़ी राशि है। उन्होने कहा कि दो दिन पहले 10 मार्च को महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओ के खाते में लगभग 10 करोड़ रूपए अंतरित हुआ है। इससे जिले में व्यापार बढ़ेगा। विधायक ने किसानो की खुशहाली और उन्हे धान का अधिकतम मूल्य देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद दिया। विधायक ने किसानो और महिलाओ से कियोस्क सेंटर से राशि आहरित करते समय किसी तरह से ठगी नही हो इस बात का ध्यान रखने एवं सावधानी बरतने का आग्रह किया। इस अवसर पर विधायक ने कई किसानो को तिलक लगाकर और पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया।
कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी के मार्गदर्शन में कलेक्ट्रेट परिसर गौरेला में जिला स्तरीय आयोजन के साथ ही पेण्ड्रा विकासखण्ड के मंडी प्रांगण, मरवाही विकासखण्ड के सदभावना भवन एवं समिति स्तर पर भी राज्य स्तरीय समारोह का लाईव प्रसारण देखने की व्यवस्था की गई थी। जिला स्तरीय कार्यक्रम में गणमान्य नागरिक मथुरा सोनी, बृजलाल राठौर, विष्णु अग्रवाल, महेन्द्र सोनी एवं राजा उपेन्द्र बहादुर सिंह ने भी किसानो को संबोधित किया और कृषक उन्नती योजना प्रारंभ करने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
जिला स्तरीय समारोह में अपर कलेक्टर नम्रता आनंद डोंगरे, परियोजना निर्देशक डीआरडीए कौशल प्रसाद तेंदूलकर, उप संचालक कृषि सत्यदेव कंवर, जिला भाजपा महामंत्री राकेश चतुर्वेदी, लालजी यादव, मुकेश दुबे, नीरज जैन, तापस शर्मा, कुबेर सर्राटी, राजकुमार रोहणी, छोटेलाल सोनी, शंकर चक्रधारी, लूशन राठौर, शिव शर्मा, दिलीप यादव, पवन पैकरा, समीरा पैकरा, मनोरमा गुप्ता, राखी गहलोत सहित गणमान्य नागरिक, विभिन्न विभागो के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।