पेण्ड्रा।गौरेला।मरवाही (छग एमपी टाइम्स/21 जनवरी 2024) :
22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले भगवान श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह से उत्साहित ग्राम बचरवार (पेण्ड्रा) में श्रीराम भक्तों द्वारा बनाई गई रामदूत समिति ने ग्राम के हृदय स्थल हरदेवलाल चौरा में 9 दिवसीय श्रीराम कथा का आयोजन किया है, जिसका समापन 22 जनवरी सोमवार को श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दिन होगा। बचरवार में श्रीराम कथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर श्रीराम कथा का रसपान करते हैं। रविवार को रामदूत समिति ने ग्राम बचरवार में भगवान श्रीराम की विशाल शोभायात्रा निकाली जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

श्रीराम कथा की कथा वाचक बाल विदुषी विजया उर्मलिया ने कहा कि जब जीवन में श्रेष्ठ संकल्प आए तो उसे बिना देरी किए तुरंत मूर्त रूप देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अभी भी लोग भगवान श्रीराम के राज अभिषेक पर टीका टिप्पणी कर रहे हैं जबकि कितने ही लोगों के बलिदान और अथक परिश्रम के बाद यह शुभ घड़ी आई है। इस शुभ घड़ी में हम सबको प्रसन्न होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मंदिर में भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा होने के बाद अब और जिम्मेदारी बढ़ गई है, वह जिम्मेदारी है रामराज लाने की। जिस प्रकार भगवान श्रीराम वर्ण जाति में भेद नहीं करते थे, सबको गले लगाते थे तथा एकता स्थापित करते थे। श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा के बाद यही वातावरण बनाना चाहिए।

विजया उर्मलिया ने श्रीराम वन गमन प्रसंग का विस्तार पूर्वक वर्णन किया तथा अयोध्या में हो रहे भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक पर सभी को एक मत होकर इस उत्सव में शामिल होने का आह्वान किया। श्रीराम कथा मानस यज्ञ में ग्रामीणों की उत्साह जनक भागीदारी है तथा लोग श्रद्धा पूर्वक कथा का रसपान कर रहे हैं।

गांव में प्रतिदिन निकाली जा रही प्रभात फेरी
ग्राम बचरवार में प्रतिदिन प्रभात फेरी निकाली जाती है जिसमें सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण शामिल होते हैं। इन दिनों पूरे गांव का माहौल भक्तिमय बना हुआ है तथा गांव के प्रत्येक घर के सदस्य प्रभात फेरी से लेकर श्रीराम कथा में शामिल होते हैं। इसमें सैकड़ों की संख्या में पुरुषों के अलावा सैकड़ों की संख्या में महिलाएं भी शामिल होती हैं।