पेण्ड्रा।गौरेला।मरवाही (CG MP TIMES/30 अगस्त 2024) :
पेण्ड्रा ब्लाक के छोटे से गांव पनकोटा के तालाब में तैराकी सीखकर राष्ट्रीय स्तर पर कई गोल्ड मेडल जीतने वाले दिव्यांग छात्र रोहित गोंड़ को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रीय खेल दिवस पर 29 अगस्त गुरुवार को राजधानी रायपुर में शहीद कौशल यादव पुरस्कार से अलंकृत किया। यह जूनियर वर्ग का सर्वश्रेष्ठ खिताब है। साथ ही रोहित के बैंक खाते में 1 लाख 50 हजार रुपए अंतरित किया गया।
जीपीएम जिला कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में तैराक खिलाड़ी रोहित के उज्जवल भविष्य के लिए पुष्प गुच्छ देकर शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी सीमा डेविड, सचिव जिला दिव्यांग तैराकी संघ दिनेश सिंह दाऊ एवम दिव्यांग तैराक जंतराम पनिका उपस्थित थे।
राष्ट्रीय स्तर पर कई गोल्ड मेडल जीते हैं रोहित गोंड़ ने
बता दें कि रोहित कुमार गोंड़ ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए वर्ष 2021 में उदयपुर (राजस्थान) में दो गोल्ड मेडल, वर्ष 2022 उदयपुर में दो गोल्ड मेडल, वर्ष 2023 में गुवाहाटी में तीन गोल्ड मेडल प्राप्त किया है। इसी तरह 29 से 31 मार्च 2024 तक 23 वीं राष्ट्रीय दिव्यांग तैराकी प्रतियोगिता में तीन गोल्ड मेडल हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जूनियर वर्ग में सर्वश्रेष्ठ तैराक का पुरस्कार प्राप्त किया है। यह प्रतियोगिता अटल बिहारी वाजपेई दिव्यांग खेल अकादमी ग्वालियर में आयोजित उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए किया गया है।
साई गांधीनगर में चल रही रोहित की ट्रेनिंग, खबर प्रकाशित होने के बाद मिला था ट्रेन में रिजर्वेशन
राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट खेल के प्रदर्शन के कारण भारतीय खेल प्राधिकरण गांधीनगर में रोहित की ट्रेनिंग चल रही है। वर्तमान में रोहित गांधीनगर (गुजरात) साईं में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। यहां यह बताना लाजिमी है कि रोहित को 19 जून तक भारतीय खेल प्राधिकरण गांधीनगर में अपनी उपस्थिति दर्ज करानी थी लेकिन उसे ट्रेन में रिजर्वेशन नहीं मिल रहा था। इस खबर का 15 जून के अंक में प्रमुखता से प्रकाशन होने के बाद उसे रिजर्वेशन मिला था और वह समय पर गांधीनगर पहुंच पाया था।