गणतंत्र दिवस के जिला स्तरीय समारोह में विधायक प्रणव मरपच्ची ने झण्डा फहराया, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 52 अधिकारी-कर्मचारी हुए सम्मानित, परेड में एनसीसी सेजेस पेण्ड्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम में सेजेस मरवाही प्रथम, विकास पर आधारित 16 विभागों की झांकी में जिला पंचायत को मिला प्रथम पुरस्कार, छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति, लोक गीत एवं देशभक्ति गीतों पर स्कूली बच्चों ने दी शानदार प्रस्तुतियां

पेण्ड्रा।गौरेला।मरवाही (छग एमपी टाइम्स/26 जनवरी 2024) :
जोश, उत्साह और उमंग के साथ गौरेला पेण्ड्रा मरवाही जिले में 75 वां गणतंत्र दिवस मनाया गया। मरवाही के विधायक प्रणव कुमार परपच्ची ने गुरुकुल खेल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण किया और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया। गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रगान, हर्ष फायर और देशभक्ति गीतों की धुन से संपूर्ण वातावरण उत्साहमय रहा।


               
मुख्य अतिथि मरपच्ची ने कलेक्टर प्रियंका ऋषि महोबिया और पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल के साथ परेड का निरीक्षण किया और जनता का अभिवादन किया। शांति, उल्लास और शौर्य के प्रतीक के रूप में केशरिया, सफेद और हरे रंग से सुशोभित गुब्बारों के गुच्छे खुले आसमान में छोड़े गए। जिला पुलिस बल, वन, राष्ट्रीय केडेट कोर, रेड क्रास, स्काउट, रोवर सहित 13 परेड की टुकड़ियों ने अनुशासित और सधे हुए कदमों से मार्च पास्ट कर सलामी दी।


               
मुख्य अतिथि मरपच्ची ने शहीद शिव नारायण बघेल के परिवार को सम्मनित किया। उन्होने परेड कमांडर और प्लाटून कमांडरों से परिचय प्राप्त करने के बाद उनके साथ फोटो सेशन में शामिल हुए। गणतंत्र दिसव समारोह में मिश्री देवी शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गौरेला, ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल गौरेला, सेजेस मरवाही, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय गौरेला और शारीरिक शिक्षा महाविद्यालय पेण्ड्रा के छात्र-छात्राओं ने छत्तीसगढ़ी कला, संस्कृति लोक गीत एवं देशभक्ति गीतों पर शानदार प्रस्तुती दी।


               
जिले की विकास पर आधारित 16 विभागों द्वारा झांकियां निकाली गई। इनमें वन, जिला पंचायत (डीआरडीए), कृषि, उद्यान, स्कूल शिक्षा, जल संसाधन, आदिवासी विकास, पशुधन विकास, मछली पालन, लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, विभाग, राजस्व, क्रेडा, महिला एवं बाल विकास और पुलिस विभाग शामिल रहे। परेड में एनसीसी सेजेस पेण्ड्रा को प्रथम, रेडक्रास गुरूकुल विद्यालय गौरेला को द्वितीय और स्काउट गुरुकुल विद्यालय गौरेला को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।


               
सांस्कृतिक कार्यक्रम में सेजेस मरवाही को प्रथम, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय गौरेला को द्वितीय और मिश्री देवी कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गौरेला को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इसी तरह विभागीय झांकी में जिला पंचायत (डीआरडीए) को प्रथम स्थान, राजस्व विभाग को द्वितीय और पुलिस विभाग को तृतीय स्थान मिला। इसके साथ ही वन विभाग और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। गणतंत्र दिवस पर उत्कृष्ट सेवाओं के लिए विभिन्न विभागों के 52 अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। समारोह में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली बच्चे एवं नगरवासी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।