कोंडागांव – जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्रों में कर्जमाफी और विकास का नारा देकर चुनाव मैदान में उतरी कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों को हार का सामना करना पड़ा और वही कोंडागांव विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी लता उसेंडी एवं केशकाल विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी नीलकंठ टेकाम जीत हासिल करने में सफल रहे और इस तरह कोंडागांव जिले के दोनों विधानसभा में भाजपा का परचम लहराया। कोंडागांव विधानसभा में जहां पूर्व मंत्री रही भाजपा प्रत्याशी लता उसेंडी ने पूर्व प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष व प्रदेश सरकार में मंत्री को मात दी। वही केशकाल विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी पूर्व कलेक्टर नीलकंठ टेकाम ने कांग्रेस प्रत्याशी व विधानसभा उपाध्यक्ष संतराम नेताम को पराजित किया। भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी लता उसेंडी व कांग्रेस प्रत्याशी मोहन मरकाम के बीच हुए मुकाबले में 18572 मतों से भाजपा प्रत्याशी लता उसेंडी ने जीत हासिल किया, तो वहीं भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी पूर्व आईएएस कलेक्टर नीलकंठ टेकाम ने कांग्रेस प्रत्याशी संतराम नेताम को 5560 मतों से पराजित किया। कांग्रेस सरकार में पीसीसी चीफ व मंत्री रहे मोहन मरकाम एवं विधानसभा उपाध्यक्ष रहे संतराम नेताम को हराकर कोंडागांव एवं केशकाल विधानसभा क्षेत्र में भाजपा का परचम लहराने वाले दोनों प्रत्याशियों को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने विजय जुलूस निकाला और जमकर आतिशबाजी की।
कोंडागांव की जनता ने कर्ज माफी को नकारते हुए मोदी गारंटी पर जताया भरोसा, कोंडागांव के दोनों विधानसभा में खिला कमल का फूल
