पेण्ड्रा।गौरेला।मरवाही (छग एमपी टाइम्स/20 फरवरी 2024) :
जिला गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही की कलेक्टर प्रियंका ऋषि महोबिया के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय अविष्कार अभियान के तहत जिले के सेकेण्डरी स्तर के स्कूली छात्र छात्राओं एवं शिक्षकों का अमरकंटक के इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय एवं दर्शनीय स्थलों का एक्सपोजर विजिट किया गया।

सहायक जिला परियोजना अधिकारी लखनलाल जाटवर, के. आर. दयाल, प्रभारी प्राचार्य एवं नोडल अधिकारी मुकेश कोरी द्वारा बसों को हरी झण्डी दिखाकर प्रातः 8 बजे अमरकंटक हेतु रवाना किया गया। अमरकंटक जाते हुये दुर्गाधारा के प्राकृतिक सौंदर्य एवं भौगोलिक स्थिति का अवलोकन कराया। माँ नर्मदा के उदगम स्थल में मंदिर परिसर में स्थित देवी, देवताओं का दर्शन भी बच्चों को कराया गया। सोनमुड़ा होते हुये बच्चों ने जैन मंदिर का भ्रमण कर दोपहर का भोजन किया।

तत्पश्चात इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्व विद्यालय अमरकंटक का बच्चों ने भ्रमण किया। वहां बच्चों को बताया गया कि यह देश का एकमात्र जनजातीय विश्वविद्यालय है। यहां भर्ती होने के लिए एंट्रेंस एग्जाम देने पड़ते हैं। बच्चों ने लाईब्रेरी का अवलोकन किया तथा विभिन्न प्रकार की पुस्तकें एवं पढ़ने की सुविधाओं को देखा। विज्ञान संकाय के अंतर्गत केमेस्ट्री लैब, बायोटेक्निकल लैब, बाॅटनीकल लैब, कम्प्युटर लैब, आडिटोरियम, स्वीमिंग पुल सहित विश्वविद्यालय के प्रमुख क्षेत्रों का भ्रमण कर ज्ञानवर्धन एवं मनोरंजक जानकारियां प्राप्त की। जिले के सेकेण्डरी स्तर के बच्चों को एक्सपोजर विजिट के माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और भाईचारे की भावना का विकास करने के उद्देश्य से एक्सपोजर विजिट कराया गया।
