आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज की समतापूर्वक समाधि मरण उपरांत आयोजित विनयांजलि सभा में कलेक्टर, एएसपी एवं सर्व समाज ने श्रद्धांजली अर्पित किया…..

पेण्ड्रा (छग एमपी टाइम्स/22 फरवरी 2024) :
दिगंबर मानसरोवर के राजहंस संत शिरोमणी आचार्य गुरुदेव 108 श्री विद्यासागर जी महाराज की समतापूर्वक समाधि मरण के उपरांत दिगम्बर जैन समाज द्वारा जैन धर्मशाला पेण्ड्रा में 22 फरवरी, दिन गुरुवार को सुबह 10 बजे से सर्वधर्म व सर्व समाज विनयांजलि सभा का आयोजन किया गया। विनयांजलि सभा में जीपीएम जिले की कलेक्टर प्रियंका ऋषि महोबिया, एडिशनल एसपी मनीषा ठाकुर रावटे एवं सर्व समाज ने श्रद्धांजली अर्पित किया।

श्रद्धांजली सभा में उपस्थित जनों ने आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के के संबंध में अपने विचार व्यक्त करते हुए बताया कि हम सभी बहुत भाग्यशाली हैं कि हमें साक्षात भगवान आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज का दर्शन, सानिध्य और आशीर्वाद मिला। उनके दिव्य रुप के विषय में बताया गया कि जिस युग में भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण ने जन्म लिया था उस युग में हम नहीं थे, परन्तु हम भाग्यशाली हैं कि जिस युग में आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज ने जन्म लिया उस युग में हमें उनका साक्षात दर्शन मिला।

वक्ताओं ने कहा कि आचार्य श्री द्वारा विश्व कल्याण, राष्ट्र कल्याण एवं आत्म कल्याण हेतु प्रशस्त मार्ग से प्सभी को प्रेरणा मिलती रहेगी। विनयांजलि सभा में सभी धर्म प्रेमी व सर्व समाज बन्धु उपस्थित होकर पूज्य गुरुदेव को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर पूर्व प्राचार्य नरेन्द्र जैन, स्वामी परमात्मानंद, डॉ. लखनेश शर्मा, इकबाल सिंह, अक्षय नामदेव, अशोक जैन, नगर पालिका अध्यक्ष राकेश जालान, बृजलाल राठौर, धर्म प्रकाश सातूवाला, सीताराम महलवाला, वंदना धर्मेश जैन, नितेश जैन, प्रखर तिवारी, राजकुमार जैन, कृष्णदत्त उर्मलिया, विनीत जैन इत्यादि सहित सभी समाज के लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए। विनयांजलि सभा का संचालन नीरज जैन ने किया। सभा में पेण्ड्रा एवं गौरेला के जैन समाज के सभी परिवारों के सदस्यों ने श्रद्धांजली अर्पित किया।