अमरकंटक संत मंडल ने नागरिकों के साथ नर्मदा नदी रामघाट पर चलाया स्वच्छता अभियान…,एकादशी पर 11000 दीप प्रज्वलित करने के बाद होगी पंच महाआरती…

अमरकंटक।अनूपपुर।पेण्ड्रा। (CG MP TIMES/11 नवंबर 2024) :
मां नर्मदा जी की उद्गम स्थली पवित्र नगरी अमरकंटक में सोमवार की सुबह नर्मदा नदी रामघाट दक्षिण तट पर अमरकंटक संत मंडल ने नागरिकों के साथ स्वच्छता अभियान चलाया। के तहत नर्मदा नदी में फैले कचरा, गंदगी इत्यादि को साफ किया गया।

नदी में बड़ी मात्रा में छोटी छोटी लाई, घास, फूल, पत्ते इत्यादि तैरते वस्तुओं को छन्ना से बाहर निकाला गया। अमरकंटक संत मंडल व मंडल के पदाधिकारियों तथा आश्रमों के विद्याध्यानरत विद्यार्थी तथा अमरकंटक जनमानस के सहयोग से स्वच्छता अभियान चला कर दक्षिण तट रामघाट में सैकड़ों नागरिक, संत महात्माओं की उपस्थिति सोमवार सुबह से स्वच्छता का कार्य किया गया।

अमरकंटक संत मंडल के अध्यक्ष श्रीमहंत स्वामी रामभूषण दास ने बताया कि देवउठनी एकादशी तुलसी विवाह 12 नवंबर को संतो द्वारा नर्मदा घाट पर 11000 दीप प्रज्ज्वलित किया जाएगा, जिसके पूर्व स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। संत मंडल के संरक्षक स्वामी नर्मदानंद गिरी महाराज ने बताया कि स्वच्छता का कार्य सभी को करना ही चाहिए। संत मंडल के सचिव स्वामी लवलीन महाराज ने कहा कि हमें और सभी जनमानस को नर्मदा जल को पवित्र और स्वच्छ बनाए रखने में सहायक बनना चाहिए। संतो के आह्वान पर आज सभी लोगो ने स्वच्छता का कार्य किया जा रहा है।

पंडित योगेश दुबे ने बताया कि स्वच्छता अभियान में सम्मिलित सभी को मृत्युंजय आश्रम द्वारा स्वल्पाहार कराया गया। घाटों पर रंगोली, शाम को भजन, स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम बाद दीप प्रज्वलित, महाआरती एवं प्रसाद वितरण सुनिश्चित किया गया है।

अमरकंटक संत मंडल के आह्वान पर स्वच्छता अभियान में गीता स्वाध्याय मंदिर, कल्याण सेवा आश्रम, मृत्युंजय आश्रम, शांति कुटी आश्रम, परमहंस धारकुंडी आश्रम, मारकंडेय आश्रम, झूलेलाल मंदिर, गोपाल आश्रम, धरमपानी आश्रम, रुद्रगंगा आश्रम, वैदिक लाईफ फाउंडेशन इत्यादि के संत – महात्मा, आश्रमों के सेवकगण, आश्रमों में विद्याध्यनरत विद्यार्थी, नगर के प्रतिष्ठित जनमानस और अनेक होटलों के कर्मचारी, मालिक, अमरकंटक पटवारी अश्वनी तिवारी, पत्रकार विपुल बर्मन, श्रवण उपाध्याय की स्वच्छता अभियान में योगदान रहा।